चंदौली। उत्तर प्रदेश पुलिस और होमगार्ड में चयनित नौली गांव के दो युवाओं की सफलता पर मां पुनवासी सेवा समिति द्वारा संचालित अंश कंप्यूटर ऑफ एजुकेशन सेंटर एवं अनुज डिजिटल लाइब्रेरी की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। तोरवा चौराहा स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में चयनित युवाओं को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी गई।

सम्मानित होने वालों में नौली गांव निवासी दीपक मौर्य, पुत्र सूरत कुशवाहा का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में हुआ है। वहीं, इसी गांव के राहुल मौर्य, पुत्र बैकुंठ मौर्य का चयन उत्तर प्रदेश होमगार्ड में हुआ है। दोनों युवाओं की इस उपलब्धि पर संस्थान के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने खुशी जताई।

इस मौके पर अंश कंप्यूटर सेंटर के डायरेक्टर डॉ. रिंकू कुमार राव ने कहा कि युवाओं को देश सेवा के साथ-साथ समाज सेवा को भी अपना प्रथम उद्देश्य बनाना चाहिए। जब युवा पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तभी देश और समाज के विकास में उनका बेहतर योगदान होगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में पप्पू राजा, नित्यानंद यादव, दिव्यांशु प्रताप सिंह, गौरव प्रसाद, सौरभ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।