चंदौली। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष एवं पत्र के माध्यम से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य रूप से राजस्व विवाद, भूमि पैमाइश, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, विद्युत आपूर्ति तथा विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, जिससे आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करते हुए आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।