सकलडीहा। त्योहार हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी प्रेम का प्रतीक हैं। ऐसे में सभी लोगों को पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। त्योहार की खुशियों के बीच ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे दूसरों को परेशानी हो या उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। यह बातें मद्रासी चिकित्सालय के वरिष्ठ गुदा रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण स्वामी ने सामाजिक संस्था जनसेवा एजुकेशनल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में बतौर मुख्य अतिथि कहीं।

डॉ. अरुण स्वामी ने कहा कि त्योहारों के दौरान अनावश्यक पटाखे फोड़ने और तेज आवाज वाले विस्फोटक पटाखों के इस्तेमाल से बचना चाहिए। पटाखों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है, जबकि तेज धमाकों से ध्वनि प्रदूषण फैलता है। इसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।

शोर का असर केवल कानों तक सीमित नहीं
ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. स्वामी ने बताया कि अत्यधिक शोर से सुनने की क्षमता प्रभावित होने के साथ कानों में घंटी बजने, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन, तनाव और नींद में बाधा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों और आवासीय क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज वाले पटाखे चलाने से बचना चाहिए, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी न हो।

मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी सत्यनारायण प्रसाद ने कहा कि त्योहार मनाने का वास्तविक आनंद दूसरों की खुशियों और भावनाओं का सम्मान करने में है। जनसेवा एजुकेशनल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आमजन के हित में लगातार स्वास्थ्य शिविर और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो सराहनीय पहल है। संस्था का उद्देश्य समाज के निचले पायदान पर रहने वाले परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ शैक्षणिक उत्थान और सर्वांगीण विकास करना है।

कार्यक्रम के दौरान संस्था की प्रदेश प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गुंजा रस्तोगी ने मुख्य अतिथि डॉ. अरुण स्वामी को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।