बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा गांव में चोरों ने किसान पारस यादव के घर से 12 हजार रुपये नकद, लाखों के आभूषण और कीमती साड़ियां चुरा लीं। चोर पांच से छह बक्से खेत में ले जाकर तोड़ गए। दो दिनों में तीसरी बड़ी चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश है।
चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा गांव में चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर के कमरों का ताला तोड़कर 12 हजार रुपये नकद, कीमती आभूषण और महंगी साड़ियां लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह परिजनों के जागने पर हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गुरेरा गांव निवासी पारस यादव किसान हैं। उनके छोटे भाई सेना में कार्यरत हैं, जबकि उनसे छोटे भाई दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं। बीती रात चोर घर में घुसे और कमरों के ताले तोड़कर उनमें रखे बक्सों और अन्य सामान को खंगाल दिया। सुबह जब परिजन सोकर उठे तो कमरों के ताले टूटे हुए, दरवाजे खुले और सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए।
परिजनों के मुताबिक, चोर करीब पांच से छह बक्से घर से लगभग 500 मीटर दूर सिवान में ले गए थे। वहां बक्सों को तोड़कर उनमें रखा कीमती सामान निकाल लिया और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
गौरतलब है कि बलुआ थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर चोरी की यह तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर मंदिरों, घरों और विद्यालयों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने रात्रि गश्त और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और रात्रि गश्त प्रभावी बनाने की मांग की है।