इलिया। क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर किसान विकास मंच के पदाधिकारियों ने मंगलवार को भरुहिया रेगुलेटर और केरायगांव रेगुलेटर का स्थलीय निरीक्षण किया। किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों पर संगठन मंत्री राम अवध सिंह और मंत्री सुरेश मौर्य मौके पर पहुंचे, जहां दोनों रेगुलेटरों में भारी खामियां पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि केरायगांव ड्रेन पर स्थित भरुहिया रेगुलेटर का एक गेट पूरी तरह जर्जर हो चुका है। स्थिति इतनी खराब थी कि किसान पानी रोकने के लिए पुआल और लकड़ियों का जुगाड़ कर रहे थे, लेकिन फिर भी पानी नहीं रुक पा रहा था। गेट खराब होने के कारण पहाड़पुर, केरायगांव और भरुहिया के किसानों की करीब दो सौ बीघा धान की फसल पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई है।

इंजीनियर से शिकायत के बाद कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए किसान मंच के पदाधिकारियों ने बंधी डिवीजन के असिस्टेंट इंजीनियर हीरालाल से फोन पर संपर्क कर तत्काल मरम्मत की मांग की। इसके बाद असिस्टेंट इंजीनियर ने अवर अभियंता अजेश्वर सिंह को मौके पर मुआयने के लिए भेजा। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने अवर अभियंता को रेगुलेटर की बदहाल स्थिति से रूबरू कराया।

मौके का जायजा लेने के बाद अवर अभियंता ने तुरंत रेगुलेटर मैकेनिक को बुलवाया और दो दिन के भीतर गेट की मरम्मत कराने का ठोस आश्वासन दिया। प्रशासन की इस त्वरित प्रतिक्रिया से किसानों ने राहत की सांस ली है और खुशी जताई है।

इस अवसर पर राम अवध सिंह, सुरेश मौर्य, अनिल सिंह, जवाहरलाल जायसवाल, रमेश, सीताराम, लालबरत, भरत लाल, सौरभ दुबे और बिनोद पांडेय सहित क्षेत्र के तमाम किसान उपस्थित रहे।