इलिया। विद्युत उपकेंद्र इलिया के अंतर्गत रमैया फीडर से जुड़े खिलची गांव के पास रविवार की देर रात एक भीषण हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार पिकअप (संख्या UP 65 JT 9340) अनियंत्रित होकर 11 हजार केवीए की हाईटेंशन लाइन के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा तीन टुकड़ों में टूटकर गिर गया, जिससे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई।

​ग्रामीणों ने दिखाई मुस्तैदी, अलग किए टूटे तार
​घटना के वक्त तेज धमाके की आवाज सुनकर खिलची, रजडीहा, बटौवा और खखड़ा गांव के ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सीढ़ी लगाकर टूटे खंभे से लटक रहे तारों को सुरक्षित तरीके से अलग किया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
Khambha 1
​घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी विजय शंकर सिंह बाबिल ने पुलिस और विद्युत विभाग को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे इलिया थाने के उपनिरीक्षक असगर अली ने पिकअप वाहन चालक और स्वामी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

​नया खंभा लगाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग
​किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने विद्युत विभाग से अपील की है कि क्षतिग्रस्त खंभे की जगह तुरंत नया खंभा स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि उमस और गर्मी के बीच ग्रामीण इलाकों में सुचारु बिजली व्यवस्था बेहद जरूरी है, इसलिए विभाग को अविलंब मरम्मत कार्य पूरा करना चाहिए।
​इस दौरान विजय शंकर सिंह बाबिल, राम अवध सिंह, शुभम पासवान, जितेंद्र यादव, राजन सिंह, धर्मराज, मोनू पांडेय, विपिन सिंह, वीरू सिंह, अमन सिंह, राजीव शंकर सिंह, सोनू सिंह, अभिषेक सिंह और मनमोहन सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।