इलिया। पशु चिकित्सालय इलिया में चिकित्सक की तैनाती और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर किसान विकास मंच ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अस्पताल में डॉक्टर और कंपाउंडर की नियुक्ति की मांग को लेकर मंच की ओर से 13 नवंबर को दोपहर 12 बजे पशु चिकित्सालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

किसान विकास मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों से पशु चिकित्सालय में कोई डॉक्टर नियमित रूप से नहीं बैठ रहा है। वहीं करीब तीन वर्षों से डॉक्टर और कंपाउंडर की व्यवस्था नहीं होने के कारण पशुपालकों को अपने मवेशियों का इलाज कराने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। समय पर उपचार नहीं मिलने से कई पशुओं की जान तक जा रही है।

मंच के पदाधिकारियों ने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पशुपालकों की इस गंभीर समस्या को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पशु चिकित्सालय होने के बावजूद क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

धरने के माध्यम से किसान विकास मंच पशु चिकित्सालय में नियमित पशु चिकित्सक की तैनाती, कंपाउंडर की व्यवस्था और पशुओं के समुचित उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग करेगा।

मंच ने क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों से 13 नवंबर को दोपहर 12 बजे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।