इलिया। खेती-बाड़ी के व्यस्त सीजन में पशु चिकित्सालय इलिया की बदहाल व्यवस्था और चिकित्सकों की कमी को लेकर शुक्रवार को किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अस्पताल में चिकित्सक, कंपाउंडर की स्थायी नियुक्ति और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग उठाई।

धरना स्थल पर ज्ञापन लेने पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार और विलंब से पहुंचे नायब तहसीलदार चकिया निर्मल चंद्र भारती को कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था से अवगत कराया।

मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि पशु चिकित्सालय की बदहाली सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाती है। संगठन के प्रवक्ता जयनाथ सिंह ने अस्पताल में चिकित्सक और कंपाउंडर की स्थायी नियुक्ति की मांग उठाई। वहीं, संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एक ओर किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर पशुधन की देखभाल के लिए बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

राजेश दुबे और मुकेश पांडेय ने चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल में डॉक्टर, कंपाउंडर और दवाओं की समुचित व्यवस्था नहीं होती, तब तक किसान चुप नहीं बैठेंगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'चाहे जो मजबूरी हो, हमारी मांगें पूरी हों' के नारे लगाकर अपना विरोध जताया।

पशु चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार ने आश्वासन दिया कि अस्पताल में सोमवार और शनिवार को डॉक्टर की ड्यूटी निर्धारित होने की जानकारी वॉल राइटिंग के माध्यम से अंकित कराई जाएगी। वहीं, नायब तहसीलदार निर्मल चंद्र भारती ने कहा कि इस बुनियादी समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर शीघ्र वार्ता की जाएगी।

धरना-प्रदर्शन में सूर्यनारायण चौबे, दुखंतू मौर्य, इंद्रदेव यादव, अशोक कुमार द्विवेदी, ओमप्रकाश मौर्य, सुरेश मौर्य, विजय शंकर सिंह 'बाबिल', राजीव शंकर, दीपक पांडेय, एकलाख अहमद, चंद्रशेखर सिंह, अनिल सिंह, बंसलोचन सिंह, भोला सिंह, अमन सिंह और राजेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक कुमार द्विवेदी ने की, जबकि संचालन राम अवध सिंह ने किया। धरना स्थल पर पुलिस बल और मीडिया कर्मी भी मौजूद रहे।