सकलडीहा। जनपद के सकलडीहा क्षेत्र के जामडीह गांव में स्थित जामेश्वर महादेव मंदिर आस्था और विश्वास का अनूठा केंद्र है। करीब 175 वर्ष पुराने इस मंदिर की पहचान यहां विराजमान जोड़ा शिवलिंग से है। मान्यता है कि सच्चे मन से भगवान शिव के दरबार में आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि यहां सालभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन सावन और दीपावली के दूसरे दिन मंदिर में विशेष भीड़ उमड़ती है।

खासकर दीपावली के अगले दिन यहां लगने वाले मेले में आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचती हैं। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। मनोकामना पूरी होने के बाद भी भक्त दोबारा मंदिर पहुंचकर माथा टेकते हैं।

पीपल के पेड़ के नीचे स्वप्न में हुए थे भोलेनाथ के दर्शन
जामेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना से जुड़ी कहानी भी बेहद रोचक है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, करीब 175 वर्ष पहले गाजीपुर के सराय पोस्ता स्टीमर घाट निवासी सुखलाल अग्रहरी अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान जामडीह गांव में एक पीपल के पेड़ के नीचे विश्राम करते समय उन्हें स्वप्न में भगवान शिव के दर्शन हुए।

बताया जाता है कि स्वप्न में मिले संकेत के बाद सुखलाल अग्रहरी ने उसी पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई कराई। खुदाई के दौरान जमीन से जोड़ा शिवलिंग प्रकट हुआ। इसे भगवान शिव का चमत्कार मानते हुए उन्होंने उसी स्थान पर मंदिर की स्थापना कराई। तभी से यह स्थान जामेश्वर महादेव के नाम से प्रसिद्ध हो गया।

मनोकामना पूरी होने पर आज भी दर्शन करने आते हैं वंशज
मंदिर से जुड़ी एक अन्य मान्यता के अनुसार, मंदिर की स्थापना के बाद सुखलाल अग्रहरी को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। इसके बाद परिवार की भगवान शिव के प्रति आस्था और गहरी हो गई। आज भी उनके वंशज शिव प्रसाद अग्रहरी, भोला अग्रहरी, काशी प्रसाद अग्रहरी और लच्छु अग्रहरी के परिजन मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचते हैं।

स्थानीय लोगों का मानना है कि जामेश्वर महादेव के दरबार से कोई भक्त निराश होकर नहीं लौटता। इसी विश्वास ने इस मंदिर को आसपास के जिलों में भी विशेष पहचान दिलाई है।

मेले को लेकर प्रशासन रहा सतर्क, पुलिस फोर्स तैनात
दीपावली के दूसरे दिन मंदिर परिसर में लगने वाले मेले को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट रहा। ग्राम प्रधान बिहारी यादव और सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह पुलिस बल के साथ मेले की व्यवस्थाओं में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ग्राम प्रधान बिहारी यादव ने बताया कि जामेश्वर महादेव मंदिर में कई जिलों से महिलाएं दर्शन-पूजन के लिए आती हैं। लोगों की भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था है। सच्चे मन से पूजा करने वाले श्रद्धालु यहां से निराश नहीं लौटते। यही इस प्राचीन मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता है।