चंदौली। जनपद के कन्दवा थाना क्षेत्र में ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करने वाला मामला सामने आया है। सड़क किनारे मिले 50 हजार रुपये की नकदी को एक अधिवक्ता ने अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंप दिया। अब पुलिस धनराशि के वास्तविक मालिक की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे ग्राम घोसवा निवासी अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह (पुत्र स्वर्गीय धीरज सिंह) किसी कार्य से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बरौनी माइनर के पास सड़क किनारे उन्हें 500-500 रुपये के नोटों की एक गड्डी मिली। गिनती करने पर उसमें कुल 50 हजार रुपये पाए गए।

अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए पूरी धनराशि थाना कन्दवा पहुंचकर पुलिस के सुपुर्द कर दी। कन्दवा पुलिस ने इस संबंध में जनरल डायरी (जीडी) में तस्करा दर्ज करते हुए नकदी को थाने के मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार, धनराशि के वास्तविक मालिक की पहचान कर आवश्यक सत्यापन के बाद रुपये उन्हें वापस सौंपे जाएंगे। इस संबंध में पुलिस ने आमजन और मीडिया से अपील की है कि सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि किसी व्यक्ति की मेहनत की कमाई उसे वापस मिल सके।

यदि किसी व्यक्ति के 50 हजार रुपये रास्ते में गिर गए हैं, तो वह थाना कन्दवा के थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल से मोबाइल नंबर 9454403192 पर संपर्क कर सकता है। संबंधित व्यक्ति को थाने पहुंचकर धनराशि से जुड़े उचित प्रमाण और अपनी पहचान प्रस्तुत करनी होगी। सत्यापन के बाद ही नकदी वास्तविक मालिक को सौंपी जाएगी।