कंदवा क्षेत्र के अमड़ा-धीना मार्ग पर डिग्घी पेट्रोल पंप के समीप कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
चंदौली। अमड़ा-धीना मार्ग पर डिग्घी पेट्रोल पंप के समीप अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार धमिना गांव निवासी अरविंद (25) अपनी पत्नी को ससुराल धानापुर छोड़कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान डिग्घी पेट्रोल पंप के समीप अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिर और पैर में आई गंभीर चोट
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को निजी साधन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचाया। वहां चिकित्सक ऋषि यादव और फार्मासिस्ट संतोष व राजकुमार ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। हालत को देखते हुए उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल रहा।