चंदौली। करवा चौथ पर्व पर जनपद में सुबह से ही हो रही बारिश के चलते सुहागिन महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। दिनभर आसमान में छाए बादलों और बारिश के कारण चांद नजर नहीं आया। इसके बावजूद महिलाओं के उत्साह, आस्था और श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखी।

करवा चौथ के पावन अवसर पर महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से व्रत रखा और शाम होते ही चंद्रमा के दर्शन की उम्मीद में अपने घरों के बारजों और छतों पर पहुंच गईं। हाथों में पूजा की थाली लिए महिलाएं आसमान की ओर निहारती रहीं। हालांकि, बादलों की चादर के कारण चंद्रदेव के दर्शन नहीं हो सके, लेकिन महिलाओं की आस्था और विश्वास अटूट बना रहा।

बारिश ने भले ही चांद के दीदार में बाधा डाल दी, लेकिन इस पर्व की रौनक और पति की लंबी उम्र के लिए रखे गए व्रत के प्रति समर्पण कम नहीं हुआ। घरों की छतों और बारजों पर चंद्रमा के निकलने की प्रतीक्षा करती महिलाओं का दृश्य करवा चौथ की परंपरा, प्रेम और विश्वास की खूबसूरत तस्वीर पेश करता नजर आया।