शहाबगंज। विकासखंड शहाबगंज के केराडीह माइनर की बदहाल स्थिति और सिंचाई व्यवस्था में व्याप्त खामियों को लेकर किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाई है। कार्यकर्ताओं ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से माइनर की दक्षिणी पटरी पर करीब 100 मीटर तक पक्की लाइनिंग कराने की मांग की है, ताकि बार-बार पटरी टूटने की समस्या से किसानों को निजात मिल सके।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि लेफ्ट कर्मनाशा कैनाल के पचवनियां हेड से निकली केराडीह माइनर की स्थिति काफी खराब है। हेड से करीब 400-500 मीटर पूरब पहुंचते ही धान और गेहूं की सिंचाई के सीजन में माइनर की पटरी बार-बार टूट जाती है। इससे पानी का बहाव बाधित हो जाता है और किसानों को सिंचाई के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

किसान विकास मंच के कार्यकर्ता महबूब आलम और मान सिंह ने बताया कि सिंचाई विभाग की ओर से हर बार मिट्टी डालकर माइनर की अस्थायी मरम्मत करा दी जाती है, लेकिन पानी का दबाव बढ़ते ही पटरी दोबारा टूट जाती है। ऐसे में किसानों को मिट्टी से भरी बोरियों के सहारे दर्जनों बार टूटान बांधनी पड़ती है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने बताया कि माइनर की बदहाली के कारण हेड से महज डेढ़ किलोमीटर तक ही पानी पहुंच पाता है। इसके चलते ठेकहा, बड़गावां और इसरौलिया गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। किसानों का कहना है कि विभाग की ओर से बार-बार अस्थायी मरम्मत कराने के बजाय स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता जयप्रकाश और अवर अभियंता से माइनर की दक्षिणी पटरी पर करीब 100 मीटर तक पक्की लाइनिंग कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पक्की लाइनिंग होने से पटरी टूटने की समस्या पर अंकुश लगेगा और किसानों को हर सिंचाई सीजन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

इस दौरान सोहराब खान, महबूब आलम, मान सिंह, सुरेश मौर्य, राम अवध सिंह, रामनरेश, इस्ताख शेख, वालिद साहब, सरोज अहमद, कमलेश गुप्ता, मंगरु राम, रामजी, चित्तू राम, बेचू, आजाद, बंधू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।