छठ महापर्व पर चंदौली के खिलची गांव में ग्राम प्रधान विजय शंकर सिंह ‘बाबिल’ ने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच फल वितरित किए। उनकी इस पहल को ग्रामीणों ने सामाजिक सहयोग और जनसेवा की मिसाल बताया।
इलिया। छठ महापर्व के पावन अवसर पर शहाबगंज विकासखंड के खिलची गांव में सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। ग्राम प्रधान विजय शंकर सिंह ‘बाबिल’ ने गांव के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर छठ व्रतियों को पूजन सामग्री के रूप में फल वितरित किए और उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान ग्राम प्रधान ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे। छठ महापर्व आस्था, समर्पण, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उनका प्रयास है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी परिवार की त्योहार की खुशियां फीकी न पड़ें।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते गांव के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनना उनकी प्राथमिकता है। गांव का विकास केवल सड़क और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
ग्राम प्रधान की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि ऐसे प्रयासों से समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और अपनत्व की भावना मजबूत होती है।