चहनिया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 में मां खंडवारी पीजी कॉलेज, चहनिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। वाराणसी स्थित जीएनएम कॉलेज फॉर एडवांस्ड स्टडीज एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित प्रतियोगिता में कॉलेज की टीम ने कुल 110 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता में कॉलेज के खिलाड़ियों ने दौड़, कूद, फेंक और रेस वॉकिंग सहित विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह कैलाशी और निदेशक अवनीश कुमार सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को शील्ड देकर सम्मानित किया।

दौड़ और फील्ड इवेंट्स में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
ट्रैक स्पर्धाओं में प्रशांत यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सानिया ने भी दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि विदुषी सिंह ने 100 और 200 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

फील्ड इवेंट्स में विशेष तिवारी ने जैवलिन थ्रो में प्रथम स्थान हासिल किया। रवि भास्कर गोला फेंक में प्रथम और अभिषेक सिंह द्वितीय स्थान पर रहे। शक्ति यादव ने हैमर थ्रो में प्रथम तथा विष्णु पांडे ने डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ओम प्रकाश यादव ने डिस्कस थ्रो में द्वितीय स्थान हासिल किया।

इसके अलावा अमित शर्मा ने लॉन्ग जंप, सचिन पाल ने 400 मीटर, सुदर्शन ने 10 किलोमीटर, जितेंद्र प्रजापति ने 20 किलोमीटर वॉकिंग, नीरज कुमार ने पोल वॉल्ट, गौतम ने 400 मीटर हर्डल्स और दीपक यादव ने 3 किलोमीटर स्टीपलचेज में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों में जैवलिन थ्रो में आदेश यादव और रानी यादव, 400 मीटर में अंकित पाल, 100 मीटर में गौतम तिवारी, ट्रिपल जंप में विकास प्रजापति तथा पांच किलोमीटर दौड़ में राज दुलार यादव शामिल रहे।

रिले रेस में बालक-बालिका दोनों वर्गों में प्रथम
कॉलेज की टीम ने रिले रेस में भी अपना दबदबा कायम रखा। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में कॉलेज की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उपलब्धि में एक और उपलब्धि जोड़ दी।

ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए आठ खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कॉलेज के आठ खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। इनमें रवि भास्कर (गोला थ्रो), विशेष तिवारी (जैवलिन थ्रो), प्रशांत यादव (100 व 200 मीटर), सानिया (100 व 200 मीटर), सनी कुमार (20 किलोमीटर वॉकिंग), शिखा यादव (20 किलोमीटर वॉकिंग), शक्ति यादव (हैमर थ्रो) और विष्णु पांडे (डिस्कस थ्रो) शामिल हैं।

प्रबंधन ने खिलाड़ियों और कोच को दी बधाई
इस शानदार उपलब्धि पर मां खंडवारी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, चहनिया के चेयरमैन डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह कैलाशी, निदेशक अवनीश कुमार सिंह, मां खंडवारी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार तथा मां खंडवारी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अश्वनी कुमार श्रीवास्तव ने सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच संतोष सिंह को बधाई दी।

प्रबंधन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी ऑल इंडिया प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। कोच संतोष सिंह के मार्गदर्शन में मिली इस सफलता को कॉलेज परिवार ने गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।