महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली में राष्ट्रीय एकता दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने रैली निकाली और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
चंदौली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और जागरूकता रैली निकालकर एकता, अखंडता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह एवं एनसीसी एएनओ संजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं एनसीसी अधिकारी संजय कुमार शर्मा ने कैडेट्स को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और एकजुटता के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापक बृजेश कुमार सिंह, अभिषेक कुमार पांडेय, आशीष कुमार चौबे, एनसीसी प्रभारी संजय कुमार शर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।