चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोर विद्यालय की मुख्य बिजली सप्लाई का करीब 50 मीटर तार और नल की टोटियां उखाड़ ले गए। इतना ही नहीं, पानी की टंकी में पानी पहुंचाने वाले पाइप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दीपावली की छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने पर चोरी की जानकारी हुई। लगातार हो रही घटनाओं से विद्यालय प्रबंधन में नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, दीपावली के चार दिवसीय अवकाश के बाद जब विद्यालय खुला तो इंचार्ज प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश त्रिपाठी मुख्य गेट खोलकर परिसर में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की मुख्य बिजली सप्लाई का लगभग 50 मीटर तार गायब मिला। वहीं, हर घर नल-जल योजना के तहत बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए नलों की टोटियां भी चोरी मिलीं। चोरों ने पानी की टंकी का पाइप भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।

गौरतलब है कि कुछ माह पहले भी चोरों ने इसी विद्यालय को निशाना बनाया था। उस समय खिड़की तोड़कर एक पंखा चोरी कर लिया गया था। इस मामले में इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने पुलिस को लिखित तहरीर दी थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस विद्यालय परिसर में जांच करने तक नहीं पहुंची और अब तक पुराने मामले में भी कोई कार्रवाई सामने नहीं आई है।

लगातार दूसरी बार चोरी की घटना से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रधानाध्यापक ने प्रशासन से चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

इस संबंध में मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।