हुदहुदीपुर में विधायक सुशील सिंह ने दिव्यांगजनों को निःशुल्क इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित की। ग्रिड-इंडिया और एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में 164 लाभार्थियों को करीब 50 लाख रुपये की लागत के 627 सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
चहनिया। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय पशु चिकित्सालय, हुदहुदीपुर परिसर में निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड (ग्रिड-इंडिया) के सामाजिक निगमित दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान चार दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। इलेक्ट्रिक स्कूटी मिलने से दिव्यांगजन अपनी दैनिक जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकेंगे और रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकेंगे। वे डिलीवरी ब्वॉय जैसे कार्यों के माध्यम से अपनी आजीविका भी चला सकते हैं। उन्होंने कहा कि चंदौली जनपद में पहली बार दिव्यांगजनों को इस प्रकार निःशुल्क इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में ग्रिड-इंडिया की ओर से मैनेजर नितिन शर्मा तथा एलिम्को की ओर से प्रभारी संजय मंडल उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के महत्व और दैनिक जीवन में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शिविर के अंतर्गत पूर्व में चिह्नित 164 लाभार्थियों को कुल 627 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। इन उपकरणों की कुल लागत लगभग 50 लाख रुपये है। वितरित उपकरणों में ई-स्कूटी, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, बीटीई डिजिटल श्रवण यंत्र, टीएलएम किट, चेयर/स्टूल कमोड, बैसाखी, छड़ी, नी-ब्रेस, एलएस बेल्ट, व्हीलचेयर, सिलिकॉन फोम तकिया, स्वाइवलिंग कॉलर, स्पाइनल सपोर्ट बेल्ट एवं वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल रहे।
इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना, उनके दैनिक जीवन को आसान करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
समारोह में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल, अवधेश सिंह, आशीष रघुवंशी, ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह, अमन सिंह, जया सिंह, सीमा सिंह, सुजीत सिंह, अजीत सिंह, आनंद सिंह एवं डॉ. पीयूष यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा ने किया।