पड़ाव स्थित तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास मुगलसराय पुलिस ने 16 पुड़िया में करीब 12 ग्राम हेरोइन के साथ करन चौहान को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 980 रुपये नकद, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पड़ाव स्थित तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल पर खड़े होकर राहगीरों को हेरोइन बेच रहा था। उसके कब्जे से 16 पुड़िया में करीब 12 ग्राम हेरोइन, 980 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान करन चौहान (20) पुत्र कन्हैया चौहान निवासी मढ़िया नई बस्ती, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात मुगलसराय पुलिस टीम पड़ाव चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक तारकेश्वर नाथ मंदिर, पड़ाव (जलीलपुर) के पास मोटरसाइकिल खड़ी करके अपने लोवर की जेब में हेरोइन रखे हुए है और आने-जाने वाले लोगों को बेच रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक सकपका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम करन चौहान बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके लोवर की दाहिनी जेब से प्लास्टिक की पॉलीथिन में रखी कागज की 16 पुड़िया हेरोइन बरामद हुई।
980 रुपये नकद और मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने आरोपी की बाईं जेब से हेरोइन बिक्री के 980 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा उसके पास से एक एंड्रायड वीवो मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी मिली।
पुलिस के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर बरामद हेरोइन का वजन पुड़िया सहित करीब 12 ग्राम पाया गया। मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के आधार पर उसका पंजीकरण नंबर UP65GF2498 पता चला।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुगलसराय थाने में मु.अ.सं. 0575/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले भी मुगलसराय थाने में मारपीट और अन्य धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले को मिलाकर उसके खिलाफ कुल दो मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, जलीलपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार सिंह, कांस्टेबल धनंजय राय और कांस्टेबल आयुष पाण्डेय शामिल रहे।