चंदौली। सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ मुगलसराय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 5,430 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस की छापेमारी के दौरान कुछ अन्य जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में 4 नवंबर 2026 को मुगलसराय पुलिस टीम रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सहजौर गांव स्थित संत रविदास मंदिर के पास खाली खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी कर जुआ खेल रहे तीन लोगों को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद अन्य लोग ताश के पत्ते फेंककर भागने लगे। इनमें से कुछ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (25 वर्ष) निवासी सहजौर, गोविन्द शर्मा (38 वर्ष) निवासी सहजौर और पंकज यादव (26 वर्ष) निवासी हलुआ मड़ईपर, थाना सैयदराजा के रूप में हुई है।

पुलिस ने जुए के फड़ से 5,100 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। वहीं, आरोपियों की जामा तलाशी में अमित कुमार के पास से 70 रुपये, गोविन्द शर्मा के पास से 150 रुपये और पंकज यादव के पास से 110 रुपये मिले। इस प्रकार कुल 5,430 रुपये नकद बरामद हुए।

इस मामले में थाना मुगलसराय में मु.अ.सं. 585/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।