चंदौली के मड़िया गांव स्थित घंटावीर बाबा मंदिर के पास शनिवार भोर सड़क हादसे में स्कूटी सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से स्कूटी टकराने के बाद दोनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के जलीलपुर अंतर्गत मड़िया गांव स्थित घंटावीर बाबा मंदिर के पास शनिवार की भोर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से स्कूटी टकराने से मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 7 नवंबर 2026 को भोर करीब चार बजे डायल 112 पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि सड़क किनारे बिजली के खंभे लगाने के कार्य में लगा एक ट्रैक्टर खड़ा था। इसी दौरान पड़ाव चौराहे की ओर से मुगलसराय जा रही स्कूटी अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रैक्टर में जा भिड़ी।
हादसे में स्कूटी सवार उस्मान पुत्र इस्लाम (32 वर्ष), निवासी दुल्हीपुर, थाना मुगलसराय और उनके मामा जुबैर (47 वर्ष), निवासी रायबरेली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी पहुंच गए। अपनों की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।