मुगलसराय स्थित चंधासी कुशवाहा बस्ती में पूर्व प्रधानाध्यापक देवीदयाल सिंह के आवास पर गौ माता की बछिया मुनिया का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर केक काटा गया, तिलक लगाया गया और पुष्प वर्षा कर मुनिया को प्यार व आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम में परिवार, रिश्तेदारों और गौ सेवकों ने भाग लिया।
चंदौली। नगर पालिका परिषद मुगलसराय के वार्ड नंबर 12 स्थित चंधासी कुशवाहा बस्ती में गौ माता की प्यारी बछिया
‘मुनिया’ का पहला जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाध्यापक देवीदयाल सिंह के आवास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आस-पड़ोस के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूर्व प्रधानाध्यापक देवीदयाल सिंह रेवसा पंचफेड़वा आदि हिंदू विद्यालय से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने अपनी गौ माता की बछिया मुनिया का जन्मदिन पारिवारिक उत्सव के रूप में मनाया। कार्यक्रम में नवहीं ग्रामसभा के प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू सिंह, बहनोई इंजीनियर अरविंद मौर्य, पुत्र एडवोकेट हर्ष वर्धन सिंह, पौत्र अनुभव शाक्य सहित परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के बच्चे मौजूद रहे। वहीं, गौ सेवा में समर्पित सीताराम मौर्य और जग्गू चौहान की भी विशेष उपस्थिति रही।
इस दौरान मुनिया को तिलक लगाकर और फूलों की माला पहनाकर उसका अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर, पुष्प वर्षा कर और केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया। सभी ने मुनिया को फलाहार कराया और उसे खूब प्यार एवं आशीर्वाद दिया। पूरे आयोजन में बच्चों और परिवार के सदस्यों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफर अभिषेक सागर और अभिनव सागर भी मौजूद रहे। उन्होंने जन्मदिन समारोह के खूबसूरत पलों को अपने कैमरे में कैद किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि गौ सेवा ही सच्ची सेवा है। गौ माता की बछिया का जन्मदिन मनाना भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और जीवों के प्रति प्रेम एवं करुणा का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन समाज में गौ सेवा और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हैं।