सकलडीहा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार में शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में ‘नन्हे उद्यमी बाल मेले’ का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, हुनर और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
06

कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों और शिक्षकों ने केक काटकर चाचा नेहरू को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए किया। इसके बाद आयोजित बाल मेले में विद्यार्थियों ने स्वयं तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों और विभिन्न खाद्य सामग्रियों के स्टॉल लगाए। इसके साथ ही विज्ञान, गणित और टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) के स्टॉल लगाकर अपने शैक्षिक ज्ञान और वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया।


बाल मेले में बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। बच्चों के हाथों से तैयार आकर्षक उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं विज्ञान और गणित के रोचक मॉडलों ने सीखने-सिखाने के नए तरीकों को प्रदर्शित किया। मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान का अनुभव भी मिला।

इस मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार रत्नाकर ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि बच्चों की असीम संभावनाओं, मौलिक प्रतिभा और सपनों को नई उड़ान देने का अवसर है। विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे खुलकर अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम में ज्योति भारद्वाज, धर्मराज प्रसाद, सुरेश कुमार, सतीश कुमार और बनारसी सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।