चंदौली। नौबतपुर सर्विस रोड पर सोमवार रात करीब 9 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल राहुल ठाकुर की वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके ही परिवार के अभिषेक ठाकुर उर्फ गोलू जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पहले चंदौली ले जाया गया और फिर रात करीब 10 बजे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। दुर्भाग्यवश रात करीब 2 बजे राहुल ठाकुर ने दम तोड़ दिया। वहीं, अभिषेक उर्फ गोलू का इलाज जारी है।

इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि दोनों युवक एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। राहुल ठाकुर तीन भाइयों में से एक थे, जबकि अभिषेक ठाकुर उर्फ गोलू अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। एक ही हादसे में परिवार ने राहुल को खो दिया और अब अभिषेक की जिंदगी बचाने के लिए पूरा परिवार प्रार्थना कर रहा है।

राहुल ठाकुर के पिता का नाम बाबूलाल ठाकुर है, जबकि अभिषेक के पिता का नाम सुभाष ठाकुर बताया गया है। दोनों के परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में अभिषेक के उपचार को लेकर परिजनों की निगाहें टिकी हुई हैं।

एक तरफ राहुल की असमय मौत का गम है, तो दूसरी तरफ परिवार के इकलौते बेटे अभिषेक की नाजुक हालत ने सभी को चिंता में डाल दिया है।