नौगढ़ में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जयमोहनी वन रेंज कार्यालय के सामने वाहन चेकिंग के दौरान 33 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद कर झारखंड निवासी अंतरराज्यीय तस्कर राजीव कुमार को गिरफ्तार किया। गांजा तस्करी में इस्तेमाल मैजिक वाहन को भी सीज कर दिया गया।
चंदौली। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नौगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुरुवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 33 किलो 500 ग्राम गांजे की खेप के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त चारपहिया मैजिक वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे थानाध्यक्ष संतोष कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक चारपहिया मैजिक वाहन में गांजे की खेप लादकर तस्कर नौगढ़-मद्धुपुर मार्ग से सोनभद्र की ओर जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की गई और जयमोहनी वन रेंज कार्यालय के सामने वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई।
इसी दौरान मद्धुपुर की ओर से जा रहे एक संदिग्ध मैजिक वाहन को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। हालांकि, सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और चालक समेत उसे थाने ले आई।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया 33 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्कर की पहचान राजीव कुमार पुत्र रवि कुमार निवासी खण्डामौडा, थाना बहरागोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूमि, झारखंड के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे मैजिक वाहन को सीज कर दिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। झारखंड निवासी तस्कर की गिरफ्तारी के बाद अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर भी पुलिस की जांच महत्वपूर्ण हो सकती है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह, हरिमोहन राम, हेड कांस्टेबल परशुराम तथा कांस्टेबल कोमल परिहार और विनोद कुमार शामिल रहे।