सकलडीहा। कहते हैं कि सफलता की कोई उम्र नहीं होती। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। इस बात को सच कर दिखाया है चंदौली जनपद की सकलडीहा तहसील के ग्राम नोनार, पोस्ट तुलसी आश्रम निवासी रविकांत कुशवाहा ने। भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और अब उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर चयनित हुए हैं। शुक्रवार को उन्हें मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ।

17 साल की उम्र में बने थे नौसैनिक
रविकांत कुशवाहा पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र कुशवाहा मात्र 17 वर्ष 6 माह की उम्र में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे। देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होने पर उन्होंने शिक्षा से अपना नाता नहीं तोड़ा। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने बीएड और राजनीति विज्ञान में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी लगातार जारी रखी।

उनकी मेहनत रंग लाई और उनका चयन पंचायती राज विभाग में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर हो गया। वर्तमान में वह जिले में ही कार्यरत हैं। इसके बाद उन्होंने यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में भी सफलता हासिल कर अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया।

38 वर्ष की उम्र में पूरी की पांच किलोमीटर की दौड़
रविकांत की सफलता की खास बात यह भी है कि 38 वर्ष की उम्र में उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत निर्धारित पांच किलोमीटर की दौड़ भी सफलतापूर्वक पूरी की। उनकी यह उपलब्धि बताती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से उम्र की सीमाओं को भी पार किया जा सकता है।

नौसेना में देशसेवा, सेवानिवृत्ति के बाद उच्च शिक्षा, ग्राम पंचायत अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी और अब पुलिस उपनिरीक्षक पद पर चयन तक का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।