चंदौली । कोतवाली क्षेत्र के नोनार गांव में पारिवारिक रंजिश को लेकर दंपती पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को नोनार गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर शालीग्राम मौर्य और विपक्षी पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। आरोप है कि इस दौरान नामजद आरोपियों ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से शालीग्राम मौर्य और उनकी पत्नी पुष्पा पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के संबंध में शालीग्राम मौर्य की तहरीर पर सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 217/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 324(2) और 109(1) में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 नवंबर को कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अरुण कुमार मौर्य (56) और उनके पुत्र छत्रधारी मौर्य (27), निवासी नोनार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और कांस्टेबल प्रश्विन दूबे शामिल रहे।