चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। घर के सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार पहाड़पुर निवासी कमलाकांत यादव और उनकी पत्नी रात में भोजन करने के बाद बरामदे में सो रहे थे, जबकि घर के अंदर उनकी दोनों बहुएं अपने-अपने कमरों में सो रही थीं। इसी दौरान चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए और दोनों बहुओं के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद कमलाकांत के कमरे में रखे बक्से और अटैची लेकर फरार हो गए।

बक्से और अटैची में मंगलसूत्र, झुमका, पायल, मीना सहित करीब पांच हजार रुपये नकद रखे हुए थे। रात करीब साढ़े 12 बजे एक बहू बाथरूम जाने के लिए उठी तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। उसने शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर दूसरी बहू भी जाग गई और दरवाजा खुलवाने के लिए चिल्लाने लगी।

शोर सुनकर बरामदे में सो रहे कमलाकांत घर के अंदर पहुंचे और बहुओं के कमरे का दरवाजा खोला। इसके बाद जब उन्होंने अपने कमरे में जाकर देखा तो बक्सा और अटैची गायब मिले। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। घर से कुछ दूरी पर चोरी हुए बक्से और अटैची टूटे हुए हालत में मिले। परिजनों ने बलुआ थाने में घटना की तहरीर दी है।

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।