सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने सपा कैंप कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक कर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और एसआईआर के तहत छूटे पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने का आह्वान किया।
सकलडीहा। समाजवादी पार्टी विधानसभा सकलडीहा कैंप कार्यालय पर गुरुवार को विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के साथ निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची में छूटे हुए मतदाताओं के नाम शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि डबल इंजन सरकार के उत्पीड़न से जनता का भरोसा लगातार उठ रहा है। जनता का यही असंतोष समाजवादी पार्टी की जीत का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को कायम रखना पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। एसआईआर अभियान के तहत विशेष रूप से युवाओं और मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों का नाम जुड़वाने के लिए गांव-गांव और बूथ स्तर पर अभियान चलाएं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को गरीबों, कमजोरों और जरूरतमंदों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का निर्देश देते हुए कहा कि तहसील से लेकर थाना और जिला मुख्यालय तक अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करें और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करें।
बैठक में जिला पंचायत से लेकर सेक्टर और बूथ स्तर तक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें अनिल चौहान, प्रभात यादव, केशव राजभर, महेंद्र राजभर, धनंजय यादव, शशिकांत भारती, अजय यादव, सिंटू, सुरेंद्र यादव, पुत्तुल, विजेंद्र यादव, राकेश यादव, मुन्ना चौहान, चाखन यादव और सुभाष यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।