इलिया। छोटी दीपावली के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय खरौझा में गुरुवार को छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाकर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न रंगों से सुंदर और मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंग-बिरंगी रंगोलियों से विद्यालय परिसर की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। बच्चों की कलाकारी देखकर शिक्षक भी काफी प्रभावित हुए।

इस अवसर पर अर्चना, निधि, आराध्या, सनैना, राधा आयु, अमन और यश सहित अन्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। किसी ने फूलों और दीपों की आकृतियां उकेरीं तो किसी ने रंगों के सुंदर संयोजन से आकर्षक डिजाइन तैयार किए। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल के जरिए दीपावली के पर्व को यादगार बना दिया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवनीश सिंह ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें आपसी सहयोग, सामूहिक सहभागिता और रचनात्मक सोच का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।