चंदौली। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किसी पद या प्रतिष्ठा की नहीं, बल्कि अच्छी सोच और सेवा भावना की जरूरत होती है। इसी भावना की एक सुंदर मिसाल निवर्तमान जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के पिता प्रो. डॉ. ओमप्रकाश गर्ग ने पेश की। शनिवार को उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में सत्संगियों के साथ भ्रमण कर लोगों को शाकाहार अपनाने, सदाचार के मार्ग पर चलने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

प्रो. डॉ. ओमप्रकाश गर्ग का यह प्रयास केवल नगर भ्रमण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके पीछे समाज को बेहतर दिशा देने की भावना भी दिखाई दी। उन्होंने 'जय गुरुदेव' नाम का प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों को जीवों के प्रति दया, शाकाहार और नैतिक जीवन मूल्यों के महत्व के प्रति जागरूक किया। उनका मानना है कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए खानपान के साथ-साथ व्यक्ति के विचारों और आचरण का भी शुद्ध होना जरूरी है।
01
गौरतलब है कि उनके पुत्र चंद्रमोहन गर्ग ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व चंदौली के जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला था। इस दौरान प्रो. गर्ग ने जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर आमजन के बीच शाकाहार एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाया। अब चंद्रमोहन गर्ग का स्थानांतरण लखनऊ हो जाने के बाद परिवार रविवार को लखनऊ के लिए रवाना होगा।

लखनऊ प्रस्थान से ठीक एक दिन पहले शनिवार को भी प्रो. गर्ग ने स्थानीय संगत के साथ नगर की विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचकर अपने जागरूकता अभियान को जारी रखा। इस दौरान स्थानीय संगत के अनुयायियों और श्रद्धालुओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों के बीच उनके सामाजिक जागरूकता के प्रयासों की चर्चा रही। सत्संगियों ने उनके प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में स्थानीय संगत के दीनानाथ, कमलेश सिंह, अनूप पाण्डेय, अरविंद, ब्रह्मा, प्रिंस, प्यारे, शिवमूरत सहित बड़ी संख्या में गुरुभक्त एवं सत्संगी उपस्थित रहे।