सकलडीहा। रबी फसल की बुवाई का समय नजदीक आते ही किसान खाद और बीज की व्यवस्था में जुट गए हैं। खाद की संभावित किल्लत को देखते हुए किसान पहले से ही अपनी तैयारियां पूरी करने में लगे हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को साधन सहकारी समिति धूसखास पर किसानों को खाद का वितरण किया गया। खाद लेने के लिए दर्जनों किसान अपनी खतौनी लेकर समिति पहुंचे।
02
किसान नेता एवं पिंटू पाल, मंडल प्रभारी वाराणसी ने बताया कि विगत वर्षों में खाद की किल्लत को देखते हुए इस बार किसान पहले से ही खाद-बीज की व्यवस्था करने में जुटे हैं। बृहस्पतिवार को धूसखास साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण के दौरान किसानों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। किसानों ने अपनी खतौनी के आधार पर खाद की खरीदारी की।

वहीं समिति के सचिव श्रवण मौर्य ने बताया कि किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अब तक 600 बोरी डीएपी और 500 बोरी यूरिया का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि समिति पर फिलहाल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है और किसानों को खतौनी के आधार पर नियमानुसार खाद दी जा रही है।

सचिव ने किसानों से अपील की कि वे अपनी खतौनी लेकर समिति पर आएं और नियमानुसार खाद प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है, सभी को उपलब्धता के अनुसार खाद मुहैया कराई जाएगी।