चंदौली। जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदोचक गांव निवासी लोकतंत्र सेनानी राजनारायण सिंह का 64 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देश की आजादी के लिए योगदान देने वाले राजनारायण सिंह को अंतिम विदाई पूरे सम्मान के साथ दी गई। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इस दौरान पुलिस विभाग की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए सलामी दी गई।

राजनारायण सिंह के निधन की सूचना मिलने पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य एवं डॉ. प्रदीप मौर्य मौके पर पहुंचे। दोनों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

इसके बाद उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र रविरंगा प्रसाद ने दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शुभचिंतक एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।

बताया गया कि राजनारायण सिंह के परिवार में दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी शोक का माहौल है। लोगों ने उन्हें एक ऐसे व्यक्तित्व के रूप में याद किया, जिनका नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में सम्मान के साथ लिया जाता रहेगा।

इस दौरान कृष्णकान्त सिंह, विजय नारायण सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।