चंदौली। जनपद के ग्राम सभा रामगढ़ (बरऊर) में स्वीकृत 500 मीटर सड़क का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर गांव निवासी अंकित यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में उन्हें रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर किसानों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह समस्या काफी गंभीर बनी हुई है। बरसात के दिनों में रास्ते की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
Dm1
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
अंकित यादव ने बताया कि गांव में 500 मीटर सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बावजूद अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत एवं प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्वीकृत सड़क का निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने दिया आंदोलन का संकेत
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को अपना अधिकार बताते हुए स्पष्ट किया कि अब वे इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे। उनका कहना है कि सड़क गांव की बुनियादी जरूरत है और इसके लिए लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है।
अंकित यादव ने दो टूक कहा, "जब तक रोड नहीं, तब तक वोट नहीं!"

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनकी आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी।

स्वीकृति के बाद भी निर्माण का इंतजार
अब सवाल यह उठता है कि आखिर स्वीकृति मिलने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू क्यों नहीं हो पाया है? ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से जल्द ही समस्या का समाधान होगा और गांव में सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।