चहनिया। रामगढ़ से दरियापुर होते हुए आसपास के गांवों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर अधूरा सड़क निर्माण राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पर जगह-जगह बिखरी गिट्टियां आए दिन हादसों को दावत दे रही हैं। बाइक सवारों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए यह मार्ग खतरनाक साबित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि इसी सड़क पर गिट्टियों के कारण ऑटो पलटने से चालक की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य में तेजी नहीं आई है।

बीते एक नवंबर को इसी मार्ग पर गिट्टियों के कारण ऑटो पलट गया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक तिलकधारी गोस्वामी की ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद भी सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार रामगढ़ में करीब 200 मीटर सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। वहीं दरियापुर में भी कई स्थानों पर सड़क का काम पूरा नहीं हुआ है। हसनपुर से कुरा गांव के बीच सड़क आधी-अधूरी पड़ी है, जबकि महमदपुर में एक पुल के पास सड़क के एक तरफ निर्माण कार्य नहीं कराया गया है। इन स्थानों पर सड़क पर फैली गिट्टियों के चलते दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। रात के समय पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।

इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, छात्र-छात्राओं, किसानों और ग्रामीणों के अलावा बाबा कीनाराम मठ में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। निर्माण कार्य की धीमी गति और कार्यदायी संस्था की कथित लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं तपोस्थली रामगढ़ के चौमुखी विकास और मठ तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने की घोषणा के क्रम में इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण की मौजूदा स्थिति विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।

क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण में हो रही देरी की तत्काल जांच कराने और जिम्मेदार कार्यदायी संस्था, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों तथा ठेकेदार की जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही सड़क पर बिखरी गिट्टियों को व्यवस्थित कराने, चेतावनी संकेतक लगाने और तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपने परिजन को न खोना पड़े।