सकलडीहा। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर रानेपुर गांव की बेटी नम्रता कुमारी ने उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को घर पहुंचने पर ग्रामीणों ने नम्रता और उनके माता-पिता को माला पहनाकर सम्मानित किया। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं गांव में भी जश्न और बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

इस मौके पर बसपा विधानसभा अध्यक्ष संतोष कुमार भारती ने कहा कि नम्रता ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर पुलिस विभाग में चयन हासिल कर साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर पुलिस की वर्दी तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। ऐसी प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान समाज में नई ऊर्जा का संचार करता है और अन्य बेटियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

वहीं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश राम ने कहा कि रानेपुर की बेटी का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। नम्रता की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करते हैं।

नम्रता की सफलता पर उनके पिता रमेश कुमार, माता सुषमा देवी, दादा बिपतु सहित सोनू, केशव, सुरेंद्र, श्याम बिहारी, संजय, प्रमोद समेत अन्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।