चंदौली। मझगाई वन रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से जुताई कर वन भूमि पर कब्जा करने के प्रयास को वन विभाग की टीम ने विफल कर दिया। सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जुताई कर रहे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। हालांकि, वन कर्मियों को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

वन क्षेत्राधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मझगाई बीट के कक्ष संख्या 20-बी स्थित आरक्षित वन भूमि पर ट्रैक्टर से अवैध रूप से जुताई की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन कर्मियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया।

कार्रवाई के दौरान चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। वन विभाग की टीम ट्रैक्टर को मझगाई रेंज कार्यालय परिसर में ले आई, जहां उसे खड़ा कर सीज कर दिया गया। मामले में भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन भूमि की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। वन क्षेत्र में अवैध जुताई, पेड़ों की कटान और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।