सकलडीहा। क्षेत्र के सहरोई गांव में रविवार को श्री हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों बालिकाओं, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दो बैंड-बाजों की धुन और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

कलश यात्रा सहरोई गांव से प्रारंभ होकर दानकेपुरा, टंडिया और सैदपुरवा होते हुए गंगा तट स्थित कैली घाट पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने मां गंगा के तट पर कलश में जल भरकर पूजन-अर्चन किया। इसके बाद यात्रा सैदपुरवा, ककरही, महादेवपुर, कोरी और ताराजीनपुर होते हुए वापस श्री हनुमान मंदिर सहरोई गांव पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और बैंड-बाजे की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

7 नवंबर तक होगा श्रीराम कथा का आयोजन
मुख्य यजमान राहुल मिश्रा ने बताया कि श्री हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर गांव में श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है। कथा वाचन पंडित नीरजानंद शास्त्री द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि श्रीराम कथा का आयोजन 1 नवंबर से 7 नवंबर तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक होगा। कथा का आयोजन ग्राम सहरोई स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में नवयुवक मंगल दल एवं ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।
धार्मिक आयोजन को लेकर गांव में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।