सैयदराजा थाने में जमीन विवाद को लेकर राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जन्मेजय सिंह और थानाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस की कार्यशैली से नाराज अधिवक्ताओं ने कचहरी के समीप सर्विस रोड पर धरना देकर जाम लगाया। मौके पर पहुंचे सीओ सदर ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
चंदौली। सैयदराजा थाने में जमीन विवाद को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए। राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अधिवक्ता जन्मेजय सिंह की थानाध्यक्ष से तीखी बहस हो गई। उन्होंने पुलिस पर एक पक्ष के साथ कथित पक्षपातपूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाया।
अधिवक्ता जन्मेजय सिंह के मुताबिक, जमीन विवाद के मामले में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत के जरिए समाधान कराने के उद्देश्य से वे थाने पहुंचे थे। लेकिन करीब तीन घंटे तक उन्हें वहां बैठाए रखा गया। उन्होंने बताया कि जमीन के मालिकाना हक से संबंधित सभी दस्तावेज उनके पक्ष के पास मौजूद हैं, जबकि दूसरे पक्ष के पास अपने दावे के समर्थन में कोई दस्तावेज नहीं है।
उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि फुटेज में कथित कब्जाधारी स्वयं जमीन पर कब्जा होने की बात स्वीकार करता दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद जमीन के वास्तविक मालिक को थाने के अंदर बैठाया गया, जबकि कथित कब्जाधारी को खुलेआम घूमने दिया गया और उसकी चाय-पानी से खातिरदारी की गई।

पुलिस की इस कार्यशैली से नाराज अधिवक्ताओं ने कचहरी के समीप सर्विस रोड पर बैठकर धरना शुरू कर दिया और विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ सदर ने अधिवक्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ और जाम खुलवाया गया।
अधिवक्ता जन्मेजय सिंह ने पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का रवैया एक पक्ष के प्रति नरम और दूसरे पक्ष के प्रति सख्त नजर आया।
अब देखना यह होगा कि इस मामले में पुलिस के उच्चाधिकारी क्या कदम उठाते हैं और जमीन विवाद में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो पाती है या नहीं।