सकलडीहा। विधानसभा की मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र और दोहरे नाम हटाने के साथ नामों में संशोधन किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को तहसील सभागार में एसडीएम आकांक्षा सिंह और तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह ने 206 पदविहित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए। साथ ही कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
04
अधिकारियों ने बताया कि सकलडीहा विधानसभा की मतदाता सूची का आलेख प्रकाशित किया जा चुका है। विधानसभा क्षेत्र में कुल 391 मतदान केंद्र (बूथ) हैं। चुनाव आयोग की ओर से 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर मतदाताओं के नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अभियान के दौरान बीएलओ फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से आवेदन प्राप्त करेंगे। फॉर्म-6 से नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, फॉर्म-7 के जरिए अपात्र और डुप्लीकेट नाम हटाने की प्रक्रिया होगी, जबकि फॉर्म-8 से मतदाता सूची में दर्ज नाम और अन्य विवरणों में संशोधन किया जाएगा। पात्र मतदाता अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।

एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में 391 बीएलओ, 206 पदविहित अधिकारी, 36 सुपरवाइजर, पांच एईआरओ और एक ईआरओ की तैनाती की गई है। उन्होंने विशेष अभियान के निर्धारित दिनों में रविवार को भी सभी बीएलओ और पदविहित अधिकारियों को अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं के आवेदन लेने के निर्देश दिए।

बैठक में तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, अमरेन्द्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।