सकलडीहा थाना पुलिस ने चोरी के मामले में हिस्ट्रीशीटर विकाश कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चांदी के कड़े और चार हजार रुपये बरामद हुए।
सकलडीहा। सकलडीहा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का एक जोड़ी चांदी का कड़ा और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन (28) पुत्र सियाराम निवासी दरियापुर, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जलालपुर दरियापुर निवासी जयशंकर यादव पुत्र स्व. बचाऊ राम यादव ने 28 अक्टूबर 2026 को घर में चोरी होने की सूचना दी थी। पीड़ित ने बताया था कि दिन में करीब तीन बजे अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसकर आलमारी में रखे एक जोड़ी चांदी के कड़े और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया था।
इस मामले में सकलडीहा थाने में मु.अ.सं. 0211/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(3) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों से खुलासा
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर चोरी की घटना में संलिप्त अभियुक्त की पहचान की।
इसके बाद पुलिस टीम ने रविवार को सुबह करीब 8:30 बजे घरचित नहर मोड़ के पास से अभियुक्त विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी का एक जोड़ी चांदी का कड़ा और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सात पुराने मुकदमे भी दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सकलडीहा थाने में वर्ष 2017 से 2021 तक चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, उत्तर प्रदेश गुंडा निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्तमान चोरी का मामला भी दर्ज है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रसाद रावत, उपनिरीक्षक विजयशंकर चौहान, कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती और कांस्टेबल प्रश्विन कुमार दूबे शामिल रहे।