सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को सकलडीहा-अलीपुर मार्ग पर बतावर गांव के पास ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हिनौली गांव निवासी सौरभ राव, पुत्र सत्यनारायण राव, रविवार को बाइक से सकलडीहा से अपने घर हिनौली जा रहे थे। इसी दौरान सकलडीहा-अलीपुर मार्ग पर बतावर गांव के पास सामने से आ रहे ऑटो से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सौरभ राव सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सकलडीहा सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलने पर घायल युवक के परिजन भी सकलडीहा सीएचसी पहुंच गए।