सकलडीहा। आगामी चुनावों को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सकलडीहा तहसील परिसर में ईवीएम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ट्रेनरों ने लोगों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था भी मौजूद रही।

मास्टर ट्रेनर रामदुलार राम और श्यामसुंदर ने बताया कि ईवीएम के तीन प्रमुख हिस्से होते हैं, जिनमें कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और वीवीपैट शामिल हैं। उन्होंने लोगों को बताया कि मतदान करने के बाद वीवीपैट मशीन की स्क्रीन पर करीब सात सेकंड तक पर्ची दिखाई देती है। इससे मतदाता यह पुष्टि कर सकते हैं कि उनका वोट पसंदीदा उम्मीदवार को ही गया है।

कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने स्वयं ईवीएम के माध्यम से मतदान का अभ्यास किया और इसकी कार्यप्रणाली को समझा। ट्रेनरों ने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों को भी विस्तार से बताया।

चुनाव आयोग के निर्देश पर शुरू किया गया यह जागरूकता अभियान एक महीने तक चलेगा। इसके तहत सकलडीहा तहसील की दूसरी मंजिल पर लोगों को ईवीएम से मतदान करने का अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि मतदाता मतदान प्रक्रिया को लेकर जागरूक और आश्वस्त हो सकें।