सकलडीहा। बहरवानी से दुदौली गांव तक बन रही सड़क के निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और संबंधित विभाग से सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में कीचड़ के ऊपर ही गिट्टी डालकर डामर बिछाया जा रहा है। इस तरह से निर्माण होने पर सड़क कुछ ही दिनों में टूटकर खराब हो सकती है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी धन खर्च होने के बावजूद यदि सड़क की गुणवत्ता ठीक नहीं रही तो इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ेगा।

बताया जाता है कि यह सड़क सकलडीहा रेलवे स्टेशन-तुलसी आश्रम मार्ग से बहरवानी गांव के पास शुरू होकर मनियारपुर, रैपुरा और दुदौली होते हुए धरहरा तक जाती है। यह लिंक रोड स्टेडियम की ओर से निकली है और कई गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है।

ग्राम प्रधान मनोज यादव और ग्रामीणों ने ठेकेदार पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। मनोज यादव ने कहा कि ठेकेदार के कई कार्य पहले ब्लैकलिस्ट किए जा चुके हैं, इसके बावजूद उसे दोबारा निर्माण कार्य दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में ठेकेदार को काम दिया जाता है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क का निर्माण गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया जाता, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

विरोध प्रदर्शन में ग्राम प्रधान मनोज यादव, अरुण राम, दरोगा राम, मीरा देवी, पूनम देवी, सुनीता देवी, मालती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।