महगांव में बाढ़ से बहे चकरोड की मरम्मत न होने से किसान परेशान हैं। रबी की बुआई और जल जीवन मिशन की पाइपलाइन पर संकट गहराया हुआ है।
सकलडीहा। विकासखंड चहनियां के महगांव ग्रामसभा में बीते महीने आई बाढ़ का कहर अब भी ग्रामीणों और किसानों पर भारी पड़ रहा है। रिश्टी गांव से महगांव मड़ईपर जाने वाला मुख्य चकरोड बाढ़ के पानी में पूरी तरह बह गया था, जिसकी मरम्मत अब तक न होने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। प्रशासन की उदासीनता के चलते किसान न सिर्फ फसल तबाही का दंश झेल चुके हैं, बल्कि अब रास्ते के अभाव में दोहरी मार खाने को मजबूर हैं।
रबी की बुआई पर छाया संकट, वाहनों की आवाजाही बंद
स्थानीय किसान किशन यादव ने बताया कि चकरोड क्षतिग्रस्त होने से सकलडीहा जाने का सुगम मार्ग बंद हो चुका है और ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है। वहीं, किसान राजेश ने चिंता जताते हुए कहा कि रबी फसल की बुआई सिर पर है, लेकिन रास्ते की खस्ताहाल स्थिति के कारण खेतों तक ट्रैक्टर नहीं पहुंच पा रहे हैं। गांव में चार पहिया वाहनों का प्रवेश भी पूरी तरह ठप हो गया है।
जल जीवन मिशन की पाइपलाइन पर भी मंडराया खतरा
ग्रामीण सचिन कुमार ने प्रशासनिक अनदेखी की ओर ध्यान खींचते हुए बताया कि इसी चकरोड के नीचे जल जीवन मिशन की मुख्य पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे जलालपुर और रिश्टी समेत कई गांवों में पेयजल आपूर्ति होती है। रास्ता कट जाने से पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने और बड़ी आबादी की जलापूर्ति ठप होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
मिट्टी और रोड़ा डलवाकर अस्थायी मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है कि तत्काल 4 से 5 ट्रैक्टर मिट्टी अथवा राबिश-रोड़ा डलवाकर मार्ग को सुचारू कराया जाए, ताकि बुआई के समय किसानों को राहत मिल सके।
इस मौके पर पूर्व प्रधान राजा यादव, मुकेश यादव, नितेश, शुभम, अरुण, विनय, सिन्टू और विकास सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।