सकलडीहा। दिवाली तक हाईवे की स्ट्रीट लाइटें चालू कराने का आश्वासन भी पूरा नहीं हो सका। चंदौली से सकलडीहा, चहनिया होते हुए सैदपुर पुल तक बने फोरलेन हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटें दिवाली बीतने के बाद भी बंद पड़ी हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि कई महीने पहले लाइटें लगाने के बावजूद उन्हें अब तक चालू नहीं किया गया है।

शासन की पहल पर करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 28 किलोमीटर लंबे चंदौली-सकलडीहा-चहनिया-मारूफपुर-सैदपुर पुल फोरलेन मार्ग का निर्माण कराया गया है। हाईवे के बाजार क्षेत्रों में डिवाइडर के बीच त्रिशूल और डमरू की आकृति वाले प्रतीक चिह्नों के साथ करीब 200 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। हालांकि, कई महीनों से ये लाइटें केवल शोपीस बनी हुई हैं।

ग्रामीणों की लगातार शिकायतों और विरोध के बाद कार्यदायी संस्था ने दिवाली तक स्ट्रीट लाइटें चालू कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से डिवाइडर पर लगी लाइटों में केबलिंग का कार्य भी कराया गया, जिससे लोगों को उम्मीद जगी थी कि त्योहार से पहले हाईवे रोशन हो जाएगा। लेकिन दिवाली बीतने के बाद भी लाइटें चालू नहीं हो सकीं।

इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रात के समय अंधेरा रहने से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी होती है। हाईवे पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

इस संबंध में कार्यदायी संस्था के अतुल कुमार सिंह ने पहले दिवाली तक स्ट्रीट लाइटें चालू कराने का आश्वासन दिया था। वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी ने चेतावनी दी कि डाला छठ महापर्व से पहले यदि हाईवे की स्ट्रीट लाइटें चालू नहीं कराई गईं तो व्यापारी आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।