सकलडीहा सीएचसी में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बन रहे मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कई सप्ताह से ठप है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।
सकलडीहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य बीते कई सप्ताह से ठप पड़ा है। करीब पांच माह पूर्व शुरू हुए निर्माण कार्य से क्षेत्रीय लोगों में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन कार्य बंद होने से ग्रामीणों में मायूसी है।
लगभग 50 लाख रुपये की लागत से बन रहे मॉड्यूलर ओटी से प्रसव पीड़ित महिलाओं और चिकित्सकों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद थी। इसके तैयार होने से सीएचसी पर प्रसव एवं ऑपरेशन संबंधी सुविधाओं में सुधार होने की संभावना थी।
सकलडीहा सीएचसी एक रेफरल सेंटर है, जहां चहनियां, धानापुर, कमालपुर सहित आसपास के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से मरीज उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में यहां आधुनिक ऑपरेशन थिएटर की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।
बताया जाता है कि सीएचसी में पूर्व से संचालित ओटी कक्ष जर्जर हालत में है, जिससे प्रसव के दौरान मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। मॉड्यूलर ओटी के निर्माण से इस समस्या के समाधान की उम्मीद थी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीके प्रसाद ने बताया कि मॉड्यूलर ओटी का निर्माण कार्य फिलहाल बंद है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
वहीं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बंद पड़े निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रीय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।