छोटी दिवाली पर सकलडीहा कस्बे के बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक और पूजन सामग्री की दुकानों पर रौनक रही। सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाल भूपेंद्र निषाद पुलिस बल के साथ पैदल गश्त करते रहे।
सकलडीहा। छोटी दिवाली के पर्व पर शनिवार को सकलडीहा कस्बे में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। धनतेरस के बाद बाजार में एक बार फिर रौनक देखने को मिली। त्योहार के मद्देनजर बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। कोतवाल भूपेंद्र निषाद पुलिस फोर्स के साथ दोपहर से शाम तक कस्बे में पैदल गश्त करते रहे।
छोटी दिवाली को लेकर कस्बे की सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही। महिलाएं घरों में पूजा-अर्चना के लिए भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाओं की खरीदारी करती नजर आईं। वहीं झालर-बत्ती, माला-फूल और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ लगी रही।
त्योहार को लेकर बाजार की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से कस्बे का माहौल और भी खुशनुमा हो गया। लोगों ने घरों को सजाने और दीपावली की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी की।
इस अवसर पर कस्बे के समाजसेवी मुराहू विश्वकर्मा के नेतृत्व में पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। इसके साथ ही भंडारे का कार्यक्रम भी देर शाम तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बाजार में भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने पुलिसकर्मियों के साथ पूरे कस्बे का भ्रमण किया। सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।