सकलडीहा में प्राचीन सरोवर, हाईवे और मंदिर मार्गों पर गंदगी व जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। कस्बावासियों ने डाला छठ, दीपावली और देव दीपावली से पहले सफाई कराने की मांग करते हुए समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सकलडीहा। कस्बे में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्राचीन सरोवर, हाईवे मार्ग और सम्मे माता व दुर्गा मंदिर जाने वाले रास्ते पर कई दिनों से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आगामी त्योहारों से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्राचीन सरोवर से लेकर मंदिर मार्ग तक गंदगी
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान भी साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच से होकर पूजा-पाठ के लिए जाना पड़ा। कस्बे के टिमिलपुर स्थित प्राचीन सरोवर में गंदगी जमा है, वहीं सकलडीहा हाईवे मार्ग पर नागेपुर के डिवाइडर पर सुबह से शाम तक कूड़ा पड़ा रहता है।
इसके अलावा सकलडीहा इंटर कॉलेज मार्ग से खेल मैदान तक जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
डाला छठ और दीपावली से पहले सफाई की मांग
आगामी डाला छठ, दीपावली और देव दीपावली पर्व को देखते हुए कस्बावासियों ने जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में सरोवर, सड़कों और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की सफाई बेहद जरूरी है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए सड़क पर उतरेंगे। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित विभागों से सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने की अपील की।
विरोध प्रदर्शन में विनोद केशरी, सुनील चौरसिया, अरविंद, गोबिंद सोनकर, लल्लू, सोहन गुप्त, राजकुमार गुप्ता, कैलाश चौरसिया सहित अन्य कस्बावासी मौजूद रहे।