सकलडीहा। हाल ही में आए चक्रवाती तूफान और उसके बाद लगातार हुई बेमौसम भारी बारिश ने चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील क्षेत्र में किसानों की कमर तोड़ दी है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते कटाई के लिए तैयार खड़ी धान समेत अन्य खरीफ फसलें बुरी तरह बर्बाद हो गई हैं। खेतों में पानी भरने से पकी-पकाई फसलें जमीन पर बिछ गई हैं और अब सड़ने लगी हैं। इससे अन्नदाताओं के चेहरे पर मायूसी छा गई है।

तहसील प्रशासन के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 1200 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर लगी फसलें खराब हो चुकी हैं। वहीं, दो दिनों तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण सकलडीहा ब्लॉक के आसपास के खेतों में करीब 1000 बीघा धान की फसल पानी में डूब गई है। किसानों का आरोप है कि जल निकासी और ड्रेनेज सिस्टम की समय से सफाई नहीं होने के कारण हालात और अधिक बिगड़ गए।

खेतों में 3 से 4 फीट पानी, लागत डूबने की चिंता
प्रभावित किसानों ने बताया कि उन्होंने सहकारी समितियों और बैंकों से कर्ज लेकर धान की बुवाई और सिंचाई की थी। पूरे सीजन मेहनत करने के बाद जब फसल घर आने का समय था, तब प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

किसानों के मुताबिक खेतों में तीन से चार फीट तक पानी जमा होने के कारण फसलें सड़ रही हैं। इससे उन्हें अपनी लागत तक वापस मिलने की उम्मीद नहीं रह गई है। किसानों के सामने अब कर्ज चुकाने और परिवार के भरण-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है।

नुकसान के आकलन में जुटा राजस्व विभाग
किसानों की बढ़ती मायूसी और आक्रोश को देखते हुए सकलडीहा तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार प्रभावित गांवों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का जायजा ले रहे हैं।

प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

किसानों ने की जल्द मुआवजा देने की मांग
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि फसल नुकसान के सर्वे की औपचारिकताएं जल्द पूरी कर मुआवजे की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाए।

किसानों का कहना है कि यदि समय पर आर्थिक सहायता नहीं मिली तो आगामी रबी फसल, विशेषकर गेहूं की बुवाई के लिए बीज और खाद का इंतजाम करना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में किसानों ने शासन से जल्द राहत प्रदान करने की गुहार लगाई है, जिससे वे दोबारा खेती-किसानी की शुरुआत कर सकें।